भोपाल. राजधानी भोपाल में सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लापता होने का पोस्टर लगने के दूसरे दिन उनके एम्स दिल्ली में भर्ती होने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि प्रज्ञा स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण लंबे समय से दिल्ली में ही हैं। दो दिन पहले हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
सांसद ठाकुर से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सिर, आंख और कमर में परेशानी के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। सूत्रों का यह भी कहना है कि कांग्रेस सरकार के समय गिरफ्तारी और पूछताछ के दौरान प्रज्ञा को प्रताड़ित किया गया था, इसी दौरान उनके सिर और आंख में चोट आई थी। कमर में दर्द भी शुरू हुआ था।
भोपाल में लगे थे पोस्टर
गुरुवार की रात राजधानी के कुछ इलाकों में सांसद प्रज्ञा ठाकुर के लापता होने के पोस्टर लगे थे। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्द किया है। इससे पहले छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के लापता होने के पोस्टर चस्पा किए गए थे। इसके बाद ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया के लापता होने के पोस्टर कांग्रेस कार्यकर्ता ने लगाए थे। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।